मुंबई/उज्जैन, 28 जून 2026। सामाजिक सेवा, रक्तदान और मानवता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही उज्जैन की मुस्कान मानव सेवा समिति को मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में गौरवान्वित होने का अवसर मिला। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष रईस खान को समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए “श्री छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र गौरव सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रिहंताणं रक्त सारथी संस्था, जिला जालोर (राजस्थान) द्वारा आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रईस खान ने अपना 50वां स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता का परिचय दिया। रक्तदान के इस विशेष अवसर पर उन्हें तिरंगा दुपट्टा, मेडल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में भारतीय सैन्य अधिकारी कैप्टन डॉ. सुरेश सोनी, संस्था के संस्थापक कैलाश जैन तथा संतोष श्रीनाथ मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसी अवसर पर मुस्कान मानव सेवा समिति द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कैलाश जैन, संतोष मिश्रा एवं कैप्टन सुरेश सोनी को “ऑपरेशन सिंदूर अवार्ड–2025” के प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवियों, रक्तदाताओं एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुस्कान मानव सेवा समिति पिछले 15 वर्षों से रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य शिविर, मानव सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल संस्था बल्कि संपूर्ण उज्जैन के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने रईस खान को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।